श्री शांति देवी जी महाराज की पुण्य स्मृति में हरमिलाप भवन में संत भंडारा, सेवा और सत्संग से गूंजा परिसर

ममता चौहान( मुख्य संपादक) हरिद्वार उत्तराखंड

हरिद्वार। श्री श्री 1008 श्री शांति देवी जी महाराज (संस्थापिका, श्री प्रेम मंदिर, पानीपत) की पावन पुण्य स्मृति में हरिद्वार स्थित हरमिलाप भवन में भव्य संत भंडारे एवं सत्संग का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे संत-महात्माओं, गुरु प्रेमियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया तथा संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे परिसर में भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।


कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री हर मिलाप मिशन के परमाध्यक्ष पूज्य श्री श्री 108 श्री मदन मोहन हरमिलाप जी महाराज ने की। उन्होंने कहा कि श्री शांति देवी जी महाराज का संपूर्ण जीवन सेवा, भक्ति, त्याग और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज में प्रेम, सद्भाव, आध्यात्मिक जागरण और सेवा की जो अलख जगाई, वह आज भी लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन समाज को सही दिशा देने का माध्यम होता है और उनके आदर्शों को अपनाकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।


श्री हर मिलाप मिशन के प्रचारक प्रवीन सेठी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए श्री शांति देवी जी महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान एवं सेवा कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं से उनके बताए मार्ग पर चलते हुए मानव सेवा, परोपकार और आध्यात्मिक जीवन को अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि श्री हर मिलाप मिशन का 119वां वार्षिक उत्सव 10 से 12 जुलाई तक हरिद्वार में पूज्य श्री मदन मोहन हरमिलाप जी महाराज के सान्निध्य एवं अध्यक्षता में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा, जिसमें देशभर से संत-महात्मा एवं श्रद्धालु शामिल होंगे।


पानीपत से पधारे पूज्य 108 श्री बहन कांत जी महाराज ने अपने प्रेरणादायी सत्संग से श्रद्धालुओं को भक्ति एवं गुरु महिमा का संदेश दिया। उनके भजनों एवं प्रवचनों से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। दूर-दराज़ से आए गुरु प्रेमियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि श्री हर मिलाप मिशन पिछले कई दशकों से आध्यात्मिक जागरण, सत्संग, मानव सेवा, संत समागम, धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देने का कार्य निरंतर कर रहा है। मिशन समय-समय पर धार्मिक आयोजन, संत सम्मेलन, भंडारे, सत्संग एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का कार्य कर रहा है। हरिद्वार सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में मिशन की गतिविधियों के माध्यम से हजारों श्रद्धालु आध्यात्मिक मार्ग से जुड़ रहे हैं।


कार्यक्रम के अंत में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया तथा श्री शांति देवी जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *