ममता चौहान( मुख्य संपादक) हरिद्वार उत्तराखंड
हरिद्वार, 10 जुलाई (संवाददाता: ममता चौहान, वंदे जागरण)।
श्री हरमिलाप भवन, हरिद्वार में 119वें वार्षिक यज्ञोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम का आरंभ प्रातः योग साधना से हुआ, जिसके बाद श्री रामायण एवं श्री गुरुगाथा के पाठ का शुभारंभ किया गया। प्रातःकाल आयोजित विशेष व्याख्यान में “स्वस्थ शरीर की नींव – प्रोटीन की सही समझ” विषय पर विशेषज्ञों ने संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

दोपहर में प्रथम गुरुदेव सत् श्री हरमिलाप साहिब जी की गौरवगाथा का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा से सुना। सायंकाल श्री कष्ट निवारण पाठ का आयोजन हुआ। इसके उपरांत श्री हरमिलाप मिशन, श्री हरमिलाप मिशन इंटर कॉलेज मेरठ तथा श्री हरमिलाप मिशन स्कूल कानपुर के विद्यार्थियों द्वारा सजीव लीला मंचन एवं आकर्षक नृत्य-नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहना की।
यज्ञोत्सव के प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु महिमा, सत्संग और आध्यात्मिक वातावरण का लाभ प्राप्त किया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी कार्यक्रमों में भी परिवार सहित सहभागिता का आग्रह किया।
