ममता चौहान मुख्य संपादक हरिद्वार
हरिद्वार। डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित अंडर-14 डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल चैम्पियनशिप के समापन अवसर पर बालक एवं बालिका वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बालक वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैम्पियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि बालिका वर्ग में डीपीएस रानीपुर ने बाजी मारकर खिताब पर कब्जा जमाया।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला डीएवी पब्लिक स्कूल और डीपीएस रानीपुर के बीच खेला गया, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल ने 58-38 के स्कोर से शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की।
वहीं, बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला डीपीएस रानीपुर और डीएवी पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। अंततः डीपीएस रानीपुर ने 36-32 के स्कोर से जीत दर्ज करते हुए बालिका वर्ग की चैम्पियनशिप अपने नाम की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज जख्मोला ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए खेलों के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा आधार कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास है। खेलों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज हरिद्वार खेलों के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है और इन्हीं प्रतिभावान खिलाड़ियों में से कई खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी बच्चों को किसी न किसी खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनोज जख्मोला ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उद्यमान खिलाड़ी पुरस्कार योजना, खेल महाकुंभ, खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति तथा टैलेंट सर्च योजना जैसी पहल से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव मनदीप ग्रेवाल, शिवडेल स्कूल के चेयरमैन स्वामी शरदपुरी जी महाराज, प्रधानाचार्य अरविंद बंसल, मेयर प्रतिनिधि सुभाष जैसल, विकास तिवारी, डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन रवि बजाज, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, मयंक शर्मा, लक्ष्य शर्मा, मनोरम शर्मा, इन्द्रेश गौड़, आकांक्षा शर्मा एवं सुभाष अदलखा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
