कुंभ-2027 में आश्रमों को विशेष सुविधाएं देने की मांग, संत आश्रम परिषद ने कुंभ मेलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

ममता चौहान ( मुख्य संपादक) हरिद्वार उत्तराखंड


हरिद्वार, 19 जून। अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के  राष्ट्रीय अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानन्द गिरी एवं राष्ट्रीय महामंत्री तीर्थाचार्य संत राम विशाल दास के नेतृत्व में कुंभ मेला-2027 के दौरान आश्रमों एवं संत समाज को विशेष सुविधाएं और रियायतें प्रदान किए जाने की मांग को लेकर कुंभ मेलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि हरिद्वार की पहचान मां गंगा एवं यहां स्थित हजारों आश्रमों, मठों और संत परंपराओं से है। कुंभ मेले में आश्रम लाखों श्रद्धालुओं के आवास, भोजन, चिकित्सा, सत्संग एवं सेवा कार्यों का दायित्व निभाते हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक एवं संसाधनगत भार पड़ता है।
परिषद ने आश्रमों को कमर्शियल करों से पूर्ण छूट, बिजली दरों में 70 प्रतिशत रियायत, निःशुल्क राशन सामग्री, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण, अतिरिक्त जल कनेक्शन, पार्किंग एवं वाहन पास, चिकित्सा और सुरक्षा सुविधाएं, सिंगल विंडो सिस्टम से अनुमति, डिजिटल प्रचार-प्रसार तथा कुंभ क्षेत्र के सभी आश्रमों को “तीर्थ यात्री सेवा केन्द्र” का दर्जा देने सहित 20 से अधिक मांगें रखीं।
संत प्रतिनिधियों ने कहा कि कुंभ केवल प्रशासनिक आयोजन नहीं बल्कि सनातन संस्कृति का विश्वव्यापी आध्यात्मिक महापर्व है और आश्रम एवं संत समाज इसकी आत्मा हैं। इसलिए आश्रमों को विशेष सुविधाएं प्रदान कर श्रद्धालुओं की सेवा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। परिषद ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *