स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज के अवतरण दिवस पर संतों ने किया पुष्पवर्षा से अभिनंदन

ममता चौहान
73 किलो के लड्डू का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में किया प्रसाद वितरण


हरिद्वार। रानीपुर झाल स्थित उत्तराखंड संस्कृत अकादमी में स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज के अवतरण दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज पर पुष्पवर्षा कर उन्हें अवतरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर 73 किलो के लड्डू का भोग लगाया गया, जिसके पश्चात प्रसाद श्रद्धालुओं एवं भक्तों में वितरित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज त्याग, तपस्या और सेवा की साक्षात प्रतिमूर्ति हैं। शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों के जीवन एवं विचारों से सभी को प्रेरणा लेकर समाज सेवा के कार्यों में आगे बढ़ना चाहिए।
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज धर्म एवं संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सेवा कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके विचार और कार्य समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज की अपने गुरु के प्रति श्रद्धा और विश्वास युवा संतों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवा संतों से संत-महापुरुषों के सानिध्य में रहकर ज्ञान प्राप्त करने और समाज को संस्कारित एवं जागरूक बनाने का आह्वान किया।


इस अवसर पर सभी संत-महापुरुषों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज ने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में संत-महापुरुषों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवा संत राष्ट्र की धरोहर हैं और उन्हें अपने गुरुजनों से प्राप्त ज्ञान एवं संस्कारों के माध्यम से समाज और राष्ट्र को आलोकित करने का प्रयास करना चाहिए।
पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि संत-महापुरुष समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सभी को स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज के त्यागमय जीवन से प्रेरणा लेकर मानव सेवा में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। समारोह में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज को अवतरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *