:
हरेला पर्व पर एसएमजेएन कॉलेज में वृहद पौधारोपण, “एक पौधा–एक जिम्मेदारी” का लिया संकल्प

हरिद्वार, 16 जुलाई (संवाददाता)।
उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC), पर्यावरण प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रेडक्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर में आम, अमरूद, नीम, जामुन, बेल, नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के दर्जनों फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। फलदार पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी उपयोगी सिद्ध होंगे।


प्राचार्य प्रो. बत्रा ने शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण मिल सके। उन्होंने “एक पौधा–एक जिम्मेदारी, निभाएं माँ की जिम्मेदारी” का संदेश देते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।


कार्यक्रम के दौरान अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने हरेला पर्व के सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता एवं हरित उत्तराखण्ड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा प्रत्येक पौधे की सिंचाई, सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी नियमित रूप से वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


कार्यक्रम में प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. मनोज सोही, डॉ. विजय शर्मा, डॉ. पूर्णिमा सुन्दरियाल, डॉ. पल्लवी, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. लता शर्मा, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. पद्मावती तनेजा, रिकंल गोयल, रिचा मिनोचा, डॉ. गीता शाह, वैभव बत्रा, श्री विनीत सक्सेना, डॉ. गौरव अग्रवाल, नवीन कुमार, अंजलि शर्मा, श्री प्रिंस श्रोत्रिय, कार्यालय अधीक्षक श्री मोहन चन्द्र पाण्डेय, विजय कुमार माली, डॉ. जे.सी. आर्य, डॉ. मनमोहन गुप्ता सहित अनेक प्राध्यापक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *