संवाददाता (ममता चौहान)
हरिद्वार। बीएचईएल सेक्टर-1 स्थित शिवडेल स्कूल के प्ले ग्रुप में सावन मास के पावन अवसर पर सावन उत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सभी का मन मोह लिया।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंग-बिरंगी कांवड़ अपने नन्हे कंधों पर धारण कर विद्यालय परिसर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया। बच्चों का उत्साह और भक्तिभाव देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान शिव, माता पार्वती, नंदी तथा अन्य पौराणिक पात्रों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नृत्य प्रस्तुत किए। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों को भावविभोर कर दिया।
विद्यालय के अध्यक्ष स्वामी शरद पुरी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं नैतिक संस्कारों का बीजारोपण बाल्यावस्था से ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से बच्चों में संस्कार, अनुशासन, आध्यात्मिक चेतना तथा अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री पुनीत श्रीवास्तव ने कहा कि शिवडेल स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं पारंपरिक विरासत से बच्चों को जोड़ना विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक जागरूकता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संपूर्ण कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा तथा बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया।
