प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर ‘सुप्रयास’ ने जगाई नई उम्मीद

हरिद्वार  संवाददाता ममता चौहान

लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें, सफलता अवश्य मिलेगी : अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता


सुप्रयास का सामाजिक योगदान प्रेरणादायी, संस्था देश का भविष्य संवार रही है : प्रो. सुनील कुमार बत्रा

नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था ‘सुप्रयास’ द्वारा चेतन ज्योति आश्रम के सभागार में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभावान एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया।


मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देता है तो वही बच्चे भविष्य में देश और समाज का नेतृत्व करते हैं। उन्होंने पिछले दो दशकों से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने के लिए ‘सुप्रयास’ संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


विशिष्ट अतिथि एवं एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि संस्था का सेवा भाव अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में भविष्य के वैज्ञानिक, चिकित्सक, प्रशासक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी बनने की क्षमता है। उन्होंने संस्था के संस्थापक महामंत्री डॉ. सत्यनारायण शर्मा के निस्वार्थ सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


संस्था के संस्थापक महामंत्री एवं पूर्व सभासद डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि ‘सुप्रयास’ की शुरुआत केवल चार बच्चों के साथ हुई थी, जो आज बढ़कर 35 विद्यार्थियों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि संस्था “प्रयास आपका, सहयोग हमारा” के मूल मंत्र के साथ आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र नाथ गोस्वामी (एडवोकेट) ने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रतिभा को संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहने देना है। उन्होंने समाज से ऐसे बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का संचालन बिनु बलूनी ने किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण विद्यार्थी, दिनेश शर्मा, चंद्रशेखर कौशिक, मुकेश वार्ष्णेय, रतन मणि डोभाल, संदीप शास्त्री, दिनेश जोशी, कुलभूषण शर्मा, नीरज ममगाई, अनुभव, कौशल मित्तल, सीए सारस्वत मित्तल, डॉ. श्वेता खंडूरी, इला शर्मा, हर्ष कालरा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *