अदालत ने वादी को माना आदतन मुकदमे दर्ज करने वाला, मानहानि का करेंगे केस, वाद ख़ारिज होने के बाद बोले हरेराम आश्रम के स्वामी महामंडलेश्वर कपिलमुनी महाराज

ममता चौहान

हरिद्वार, 9 मई। हरिद्वार में हाईलैंड पार्क ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट को लेकर दायर वाद अदालत से खारिज होने के बाद हरेराम आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि ने इसे न्याय और कानून की जीत बताया। पत्रकार वार्ता में स्वामी कपिल मुनि ने कहा कि एक कथित पत्रकार अनिल बिष्ट द्वारा उनकी संस्था और बिल्डर सुनील कुमार अग्रवाल गुड्डू के खिलाफ झूठे और आधारहीन आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि इस विवाद के चलते उन्हें मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी, लेकिन आखिरकार अदालत ने सच का साथ दिया। कहा कि अदालत ने अपने आदेश में वादी अनिल बिष्ट को कईं ट्रस्ट के खिलाफ आदतन मुकदमे दर्ज करने वाला करार देते हुए वाद ख़ारिज कर दिया। स्वामी कपिल मुनि ने दो टूक कहा कि गुरुजनों से मिली संपत्ति पर उनका पूरा अधिकार है और बिना तथ्यों के वाद दायर करने वाले व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो अब मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। वहीं बिल्डर सुनील कुमार गुड्डू ने भी फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि “सत्य की जीत हुई है” और समाज सेवा करने वाले संतों को बेवजह परेशान करना गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *