महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने भक्तों से सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार एवं मंदिर व्यवस्था में सहयोग की अपील की

ममता चौहान (मुख्य संपादक) हरिद्वार उत्तराखंड
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महंत डॉ. रविंद्र पुरी जी महाराज ने मंदिर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मां मनसा देवी सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली हैं। श्रद्धालु श्रद्धा एवं भक्ति के साथ माता के दर्शन करें और मंदिर की गरिमा तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि मंदिर में माता रानी को प्रसाद के रूप में सूखा नारियल चढ़ाने के स्थान पर मिठाई एवं फलों का भोग लगाने की व्यवस्था को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में सहायता मिलेगी और प्रसाद व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होगी। उन्होंने मंदिर प्रशासन को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और श्रद्धालुओं से भी परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट को दिए जाने वाले प्रत्येक दान की अधिकृत रसीद अवश्य प्राप्त करें। यदि कोई व्यक्ति मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से अवैध रूप से धन की मांग करता है तो उसका वीडियो अथवा साक्ष्य मंदिर प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जा सके।
महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने महिला श्रद्धालुओं की गरिमा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट किया कि मंदिर में आशीर्वाद देने के दौरान कोई भी पुजारी माता-बहनों के सिर पर स्पर्श नहीं करेगा। श्रद्धालु केवल माता भगवती का आशीर्वाद ग्रहण करें और किसी भी प्रकार की असहज स्थिति होने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की असुविधा, शिकायत या समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी जानकारी मंदिर में उपलब्ध शिकायत पंजिका में दर्ज कराएं अथवा मंदिर पुलिस चौकी में शिकायत करें। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट एवं उसकी व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी, अफवाह या असत्य प्रचार न किया जाए। उन्होंने सनातन धर्म के अनुयायियों से धर्म के प्रति जागरूक रहने, उसके प्रचार-प्रसार एवं पालन का संकल्प लेने तथा धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और सभी भक्तजनों के सहयोग से ही व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मंदिर की व्यवस्था, स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
