ममता चौहान
हरिद्वार, 16 जुलाई (संवाददाता)।
राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से आदर्श युवा समिति (आयुस) द्वारा प्रोत्साहित नवगुरुकुल फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड के तत्वावधान में कृषि विभाग की मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एमएएम) योजना के अंतर्गत स्थापित हाई-टेक कस्टम हायरिंग सेंटर, चिट्टी कोठी, डांडी इब्राहिमपुर, बहादराबाद में गुरुवार को किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रीकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी बहादराबाद अमरेन्द्र चौधरी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में कृषि क्षेत्र में आधुनिक कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि हाई-टेक कस्टम हायरिंग सेंटर छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जहां किसान कम लागत पर आधुनिक कृषि यंत्रों की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इससे खेती की लागत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

लक्सर शुगर मिल के महाप्रबंधक डॉ. बी.एस. तोमर ने कहा कि गन्ना किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि यंत्रीकरण को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती से समय और श्रम की बचत होने के साथ-साथ उत्पादन लागत में कमी आती है तथा किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलता है। उन्होंने किसानों से एफपीओ के माध्यम से संगठित होकर कार्य करने और नई तकनीकों को अपनाने की अपील की।
आदर्श युवा समिति के अध्यक्ष लखबीर सिंह ने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए आधुनिक तकनीक, सामूहिक प्रयास और मजबूत किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि आदर्श युवा समिति नाबार्ड एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन तथा ग्रामीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। भविष्य में भी किसानों के हित में ऐसे जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन नवगुरुकुल फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नितिन बडोनी ने किया। उन्होंने एफपीओ की गतिविधियों, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा कृषि यंत्रीकरण के लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर कृषि विभाग से राजकुमार (सहायक कृषि अधिकारी), अश्वनी कुमार (इंजीनियर), आयुस से उपेन्द्र सिंह एवं अनमोल सिंह, नवगुरुकुल एफपीओ के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स अंग्रेज सिंह, कवलजीत सिंह, रमनदीप सिंह, भूपेन्द्र सिंह, त्रिलोचन सिंह, संतोख सिंह, दलजीत सिंह, हरप्रीत सिंह एवं हरपिन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान निशाबर सिंह, परमजीत सिंह, साहब सिंह, सुरजीत सिंह, जोगेन्द्र सिंह, पूरण सिंह राणा, प्रवीन, छवेग सिंह, समीर सहित अन्य कृषक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में किसानों ने आधुनिक कृषि यंत्रों की उपयोगिता, वैज्ञानिक खेती की तकनीकों तथा सरकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर कृषि यंत्रीकरण को अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
