ममता चौहान (मुख्य संपादक) हरिद्वार उत्तराखंड
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के शिव नगर, भूपतवाला स्थित श्री बंसी बाबा अन्नपूर्णा आश्रम में पंजाब के कोटकपूरा निवासी श्रद्धालु श्री रोशन मित्तल एवं मित्तल परिवार के सौजन्य से आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हो रहा है। 23 जून से 29 जून तक चलने वाली इस दिव्य कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा अमृत का रसपान कर रहे हैं।

कथा के दौरान व्यास पीठ पर आसीन विद्वान कथावाचक पं. मिथिलेश नंदन कौशिक जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथाओं का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संदेश दे रहे हैं। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण कर रहे हैं।

मुख्य यजमान श्रीमती सरिता मित्तल एवं श्री रोशन मित्तल ने बताया कि उनकी लंबे समय से यह प्रबल इच्छा थी कि वे मोक्षदायिनी मां गंगा के पावन तट और विश्वविख्यात आध्यात्मिक नगरी हरिद्वार में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराएं। उन्होंने कहा कि श्री बांके बिहारी जी एवं बाबा बंसी वाले महाराज की कृपा से उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्री बंसी बाबा अन्नपूर्णा आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास, कथा आयोजन एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं अत्यंत सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संचालित की जाती हैं, जिससे दूर-दराज़ से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ता।

श्री रोशन मित्तल जी ने बताया आध्यात्मिक हरिद्वार नगरी का महत्व
उन्होंने कहा कि हरिद्वार केवल एक तीर्थनगरी नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत केंद्र है। मां गंगा के तट पर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति, सदाचार और ईश्वर के प्रति समर्पण का मार्ग दिखाती है तथा व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक जागृति का संचार करती है।
आश्रम की व्यवस्थाओं को लेकर की सराहना
श्री बंसी बाबा अन्नपूर्णा आश्रम वर्षों से संत सेवा, श्रद्धालु सेवा, धार्मिक अनुष्ठानों तथा सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। आश्रम में समय-समय पर कथा, सत्संग, भंडारे एवं धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालु लाभान्वित होते हैं।
श्री रोशन मित्तल ने कथा में शामिल होने के लिए पंजाब से पधारे सभी श्रद्धालुओं, परिजनों एवं मित्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कथा के माध्यम से सभी को आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रभु कृपा प्राप्त हो रही है।
इस अवसर पर मुख्य यजमान श्रीमती सरिता मित्तल, श्री रोशन मित्तल, राकेश गर्ग, दर्शन गोयल, करण गोयल, विजय बंसल, लालचंद गोयल,बहन शीला मित्तल, मुकेश बंसल, जितेंद्र गर्ग, दीपक जैन, साहिल मित्तल, राजेंद्र मित्तल (फिरोजपुर), कृष्ण मुरारी मित्तल (कोटकपूरा), राजन मित्तल, मनु मित्तल, आशीष मित्तल, प्रवेश मित्तल, छवि मित्तल सहित मित्तल परिवार एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा सप्ताह के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जा रहा है।
