हरिद्वार में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन, कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ


ललिता आश्रम में 28 मई 2026 से 3 जून 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। गाजियाबाद से पधारे श्री संत कुमार मित्तल अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल मित्तल, सुपुत्र, पुत्रवधू एवं सगे संबंधियों के साथ इस पुण्य आयोजन को श्रद्धा और भक्ति भाव से संपन्न करा रहे हैं। कथा व्यास पीठ पर श्री गोपाल देवाचार्य जी महाराज विराजमान हैं, जिनके श्रीमुख से श्रद्धालु श्रीमद् भागवत कथा का मधुर रसपान कर रहे हैं।


कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। यह कलश यात्रा सर्वदानंद घाट से प्रारंभ होकर भक्तिमय वातावरण के बीच ललिता आश्रम पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन के पश्चात कथा का शुभारंभ हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीकृष्ण और हरि नाम संकीर्तन के साथ पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
सात दिवसीय इस पावन कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, बाल लीलाएं, रुक्मणी विवाह, सुदामा चरित्र सहित अनेक दिव्य प्रसंगों का रसपूर्ण वर्णन किया जाएगा। श्रद्धालु कथा श्रवण कर धर्म, भक्ति और पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। हरिद्वार जैसी पवित्र नगरी में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन और उसका श्रवण भक्तों के लिए अत्यंत सौभाग्य और आध्यात्मिक आनंद का विषय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *