गंगा एक्सप्रेसवे के विरोध में किसानों की महापंचायत, भूमि अधिग्रहण पर जताया कड़ा विरोध

हरिद्वार संवाददाता

किसानों की सहमति, उचित मुआवजा और समस्याओं के समाधान के बिना परियोजना आगे न बढ़ाने की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

हरिद्वार। गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण तथा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आयोजित किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

महापंचायत में किसानों ने एकजुट होकर सरकार से मांग की कि उनकी सहमति के बिना किसी भी प्रकार का भूमि अधिग्रहण न किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के लिए कृषि भूमि का अधिग्रहण होने से हजारों किसान परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी और खेती-किसानी पर गंभीर असर पड़ेगा।


महापंचायत को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसान विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर किसानों के अधिकारों और हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को परियोजना से प्रभावित किसानों से संवाद स्थापित करना चाहिए तथा उनकी सहमति, उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ही किसी भी योजना को आगे बढ़ाना चाहिए।


बैठक में किसानों ने फसलों के उचित मूल्य, सिंचाई, बिजली, बढ़ती लागत और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से किसानों की अनेक समस्याएं लंबित हैं, जिनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से किसानों के हितों की रक्षा करते हुए जनभावनाओं का सम्मान करने की अपील की।


महापंचायत में मौजूद किसानों ने एक स्वर में गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का विरोध किया और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों ने सरकार से वार्ता कर आपसी सहमति के आधार पर समाधान निकालने तथा किसी भी निर्णय से पहले किसानों का पक्ष गंभीरता से सुनने की मांग की। महापंचायत के अंत में किसानों ने एकजुट रहकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर प्रमील चौधरी जमालपुर कला,कल्याण सिंह जी,नफीस अहमद गाडोवाली,विक्रम सिंह गाडोवाली, महक सिंह किशनपुर,पृथ्वी पाल कटारपुर, पवन सैनी कटारपुर, पुष्पेंद्र चौधरी बहादरपुर जट,नकली राम सैनी रानी माजरा, रामकुमार सैनी रानीमाजरा,बिजेंद्र सिंह चौहान, राजू सैनी, सचिन कुमार,उमरदराज, चरण सिंह प्रधान जी, संदीप कुमार ,जमशेद, नाजिम,अंकित चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *