सुमन नगर, बहादराबाद, हरिद्वार, उत्तराखंड



दिनांक: 10 सितंबर 2026



हरिद्वार के सुमन नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मोबाइल टावर के लिए खोदे गए असुरक्षित व लगभग 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे के कारण आज एक गंभीर दुर्घटना घटित हो गई। मूसलाधार बारिश के चलते गड्ढे में लबालब भरे पानी से मुख्य सड़क का कटाव (Soil Erosion) शुरू हो गया, जिससे सड़क अचानक धंस गई और वहां से गुजर रहा एक मालवाहक वाहन (टाटा एस / छोटा हाथी) अनियंत्रित होकर उसी जलभराव वाले गड्ढे में जा गिरा। इस हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बचा और उसे मामूली चोटें आईं, परंतु वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष श्री तुषार चौधरी

मामले की गंभीरता पर उत्तराखंड क्रांति दल यूकेडी के महानगर अध्यक्ष श्री तुषार चौधरी ने बताया कि यह दुर्घटना सीधी प्रशासनिक लापरवाही और निर्माणकर्ता एजेंसी की घोर उदासीनता का नतीजा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टावर का निर्माण कार्य स्थगित होने के बाद इस गहरे गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया था, जिससे जलभराव के कारण सड़कों और आसपास के मकानों में दरारें आने लगीं। इस खतरे को लेकर क्षेत्रवासियों व यूकेडी प्रतिनिधिमंडल द्वारा पूर्व में ही शासन-प्रशासन तथा ज़िलाधिकारी (DM) कार्यालय को लिखित व मौखिक रूप से सूचित किया जा चुका था, लेकिन समय रहते कोई निरोधात्मक कदम नहीं उठाया गया।


तुषार चौधरी ने सवाल उठाया कि यदि इस लापरवाही के कारण किसी नागरिक की जान-माल का बड़ा नुकसान होता है, तो इसकी वैधानिक जिम्मेदारी इंडस टावर्स (Indus Towers), भूमि स्वामी या निगरानी करने में विफल रहे स्थानीय प्रशासन में से किसकी होगी? उत्तराखंड क्रांति दल एवं सुमन नगर निवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक गड्ढे को 24 से 48 घंटे के भीतर कंक्रीट/मिट्टी भराव कराकर अविलंब समतल व सुरक्षित किया जाए तथा धंसी हुई सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *